यातायात पुलिस बिलासपुर की भीषण गर्मी से बचाव हेतु विशेष संवेदनशील पहल…चिलचिलाती धूप में चौक चौराहों पर ड्यूटीरत जवानों को भी दी गई “छायानुमा छतरी”सिग्नल बंद की स्थिति में यातायात नियमों का समुचित पालन करने जिले के आम नागरिकों से की गई अपील…
बिलासपुर संपूर्ण छत्तीसगढ़ में इन दिनों गर्मी का प्रभाव लगातार बढते जा रहा है, इस चिलचिलाती धूम में आमजन को दोपहर के समय सिग्नल बन्द होने की स्थिति में सिग्नल के पास खड़ा होना अत्यधिक कष्टप्रद रहता हैं। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर राजनेश सिंह के दिशा निर्देश पर आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए। संवेदनशीलता के साथ भीषण गर्मी के दिनों में राहत पहुंचाने एक विशेष पहल के तहत दोपहर 12 से संध्या 05 बजे तक शहर के सिग्नल को बंद रखने के आदेश दिए गए है।इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक प्रभारी रामगोपाल करियारे ने बताया कि – भीषण गर्मी को ध्यान रखते हुए SSP महोदय के निर्देश के परिपालन में शहर के सिग्नल को दोपहर 12:00 से शाम 5:00 बजे तक बंद रखा जाएगा। हालांकि बंद सिग्नल पर ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था हेतु निरंतर तैनात रहेंगे, साथ ही साथ किन्हीं परिस्थितियों में सिग्नल बंद करने के उपरांत यातायात व्यवस्था बाधित, जाम या अव्यवस्था की स्थिति निर्मित होती है तो ऐसे स्थिति में यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से रखने हेतु सिग्नल पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा।विदित हो कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ने चिलचिलाती धूप में जहां आम जनों को राहत देने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिग्नल बंद रखने निर्देशित किए जाने के साथ ही साथ चौक चौराहों पर इस भीषण गर्मी में ड्यूटी करने वाले यातायात के जवानों को “छाया नुमा छतरी” भी प्रदान किया गया।

