तखतपुर// देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सर्व मानव जागृत युवा सेवा समिति तखतपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा “सेवा ही संकल्प” अभियान के तहत 15 अगस्त 2026 को आशीर्वाद ब्लड सेंटर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समिति के पदाधिकारियों, युवा साथियों एवं जिले के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर रक्तदान किया।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी संदीप यादव, आकाश यादव, रोशन नेताम, रमेश साहू, दुर्गेश साहू, दुष्यंत साहू, शिवदास मानिकपुरी, अभय पाण्डेय, मिथुन साहू, युवराज सिंह ठाकुर, नरेश धनकर, राकेश मेहर, देवानंद, पृथ्वीराज पटेल, रितेश भारद्वाज, संजू सोनी सहित समस्त युवा साथी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष घनश्याम श्रीवास एवं सचिव मनोज कश्यप ने बताया कि शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा युवाओं में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल तिरंगा फहराने का दिन नहीं, बल्कि देशसेवा और मानवसेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है। रक्तदान को महादान कहा जाता है और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान जीवन बचाने का माध्यम बनता है। थैलेसीमिया, सिकलसेल एवं दुर्घटना में घायल मरीजों को रक्त की विशेष आवश्यकता होती है।
शिविर में रक्तदान से पहले सभी दाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, यातायात जागरूकता, रक्तदान एवं थैलेसीमिया जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस पर संस्था को सम्मानित भी किया जा चुका है।
समिति ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “रक्तदान है महान, बचाएगा किसी की जान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी आगे आएं और नियमित रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दें।



