बिलासपुर। बिरकोना रोड स्थित पत्रकार कॉलोनी के पीछे पार्वती विहार, वार्ड क्रमांक 65 में हरितालिका तीज का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव एवं माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। पर्व को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला।
हरितालिका तीज के अवसर पर सुबह से ही महिलाओं ने पूजा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। महिलाएं पारंपरिक परिधान और श्रृंगार में सज-धजकर पूजा स्थल पर पहुंचीं। पूजा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा को विधि-विधान से स्थापित कर फूल, बेलपत्र, फल, मिठाई सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने तीज माता की कथा का श्रवण किया और सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य की कामना
हरितालिका तीज को लेकर महिलाओं में विशेष आस्था देखने को मिली। सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य तथा परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हुए दिनभर निर्जला व्रत रखा। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक रंग में रंगा नजर आया पार्वती विहार
पार्वती विहार में तीज पर्व के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। पूजा के दौरान भक्ति गीतों और तीज के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा में हिस्सा लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान महिलाओं ने हरितालिका तीज की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं को याद करते हुए भगवान शिव एवं माता पार्वती से अपने परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। देर शाम तक क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह बना रहा।




