Homeखास खबरबिलासपुर की गंगा-जमुनी परंपरा को बनाए रखें, आपसी रंजिश को समुदाय से...

बिलासपुर की गंगा-जमुनी परंपरा को बनाए रखें, आपसी रंजिश को समुदाय से न जोड़ें : प्रवीण झा…..

बिलासपुर। गोल बाजार क्षेत्र में हुई घटना को लेकर संस्कारधानी के प्रतिष्ठित समाजसेवी श्री प्रवीण झा ने शहरवासियों से शांति, संयम और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह आपसी रंजिश से जुड़ा व्यक्तिगत विवाद है। ऐसी घटना को किसी समाज, वर्ग या समुदाय से जोड़ना उचित नहीं है।

श्री प्रवीण झा ने कहा कि बिलासपुर की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, यह आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता की समृद्ध परंपरा के रूप में रही है। यहां अलग-अलग समाज और समुदाय के लोग वर्षों से मिल-जुलकर रहते आए हैं। तीज-त्योहार, धार्मिक आयोजन और सामाजिक अवसरों पर एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होना बिलासपुर की खूबसूरत परंपरा रही है। किसी एक विवाद के कारण इस मजबूत सामाजिक रिश्ते में दरार नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का विवाद व्यक्ति तक सीमित रहना चाहिए, उसे समाज या समुदाय का विवाद नहीं बनाया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गलती के लिए पूरे समुदाय को जिम्मेदार ठहराना न न्यायसंगत है और न ही शहर के हित में। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वीडियो, फोटो अथवा भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। श्री झा ने कहा कि बिलासपुर की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। हमें मिलकर इस शहर की शांति, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करना है।

RELATED ARTICLES

Recent posts