Homeखास खबरबिलासपुर में खनिजों के अवैध उत्खनन-परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 हाइवा और...

बिलासपुर में खनिजों के अवैध उत्खनन-परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 7 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त…..

रेत, गिट्टी और चूना पत्थर डस्ट का अवैध परिवहन करते मिले वाहन, खनिज विभाग ने की कार्रवाई

बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान के दौरान विभागीय अमले ने अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त कुल 10 वाहनों को जब्त किया है। इनमें 7 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश तथा उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज अमला बिलासपुर द्वारा रतनपुर, कोटा, खोलिपारा, तुरकाडीह, सेंदरी, कोनी, कच्छार, लमेर, निरतु, सकरी, लालखदान, मस्तूरी और लावर सहित विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया।

अलग-अलग क्षेत्रों में पकड़े गए वाहन

निरीक्षण के दौरान ग्राम खोलिपारा में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं, ग्राम लमेर में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया।

इसी तरह लालखदान क्षेत्र में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 हाइवा वाहन मिले। ग्राम सैदा के पास चूना पत्थर डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाइवा पकड़ा गया। इसके अलावा लावर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 3 हाइवा तथा रेत का परिवहन करते हुए 1 हाइवा वाहन जब्त किया गया।

पुलिस थानों और जांच चौकी की अभिरक्षा में वाहन

खनिज नियमों के तहत जब्त किए गए सभी 10 वाहनों को पुलिस थाना कोनी, पुलिस थाना कोटा तथा खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग के अनुसार, जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिज नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Recent posts

पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, पीवी ऐप की समस्याओं और वेतन विसंगति को लेकर आर-पार की लड़ाई……

  स्टेट हेड छत्तीसगढ़ पूर्वी सोनी पदोन्नति सहित लंबित मांगों को लेकर पटवारी संघ लामबंद, 13 अक्टूबर से हड़ताल पर बैठे पटवारी बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी विभिन्न...