जिला स्तरीय रामायण मंडली प्रतियोगिता का आयोजन लालबहादुर शास्त्री स्कूल परिसर स्थित पंडित देवकीनंदन दिक्षित सभा भवन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विकासखंड स्तर पर हुए रामायण मंडली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त विजेता टीमों ने भाग लिया। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में बिल्हा विकास खंड के राम सुधा रस मानस मंडली तिफरा ने प्रथम, तखतपुर के तुलसी चौरा मानस मंडली सिलतरा ने द्वितीय एवं मस्तूरी के जय मां काली मानस मंडली परिवार वेद परसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मानस मंडली को ₹50000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
महापौर रामशरण यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति लोक परंपरा खेल खानपान एवं जीवन शैली को सहेजने और बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं उन्होंने कहा कि राज्य को मानस मंडलीयों एवं कलाकारों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राज्य भर में रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस पहल से निश्चित ही हमारे युवा पीढ़ी को अपने परंपरा और संस्कृति से परिचित होने का मौका मिलेगा। 

